02 नवम्बर – फरीदाबाद : फरीदाबाद 56वें हरियाणा दिवस पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेशवासियों को विकास की नई सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत संरक्षक योजना का शुभारंभ करते हुए गांवों के विकास को सुनिश्चित किया। योजना के अंतर्गत प्रदेश के हर गांव को एक-एक क्लास-1 अधिकारी संरक्षक के रूप में गोद लेंगे और सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-ग्रामीणों को दिलाएंगे।हरियाणा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कान्फ्रेंस कर नई योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से अवगत करवाया। इसमें सभी जिलों के उपायुक्त और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। उपायुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि तहसीलदार व नायब तहसीलदार की भांति अब एसडीएम और सीटीएम को भी भूमि के रजिस्टे्रशन करने की शक्तियां प्रदान की है। इस प्रकार लोगों के पास रजिस्ट्री करवाने के विकल्प रहेंगे, जिससे भ्रष्ट्राचार पर लगाम लगेगी।
बिजली आपूर्ति की समस्या का होगा समाधान : उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री ने निजी बिल्डरों द्वारा निर्मित आवासीय सोसायटियों में लोगों की बिजली आपूर्ति की समस्या को भी हल कर दिया है। मुख्यमंत्री ने उपभोक्ताओं के लिए विद्युत निगम को बिजली के कनैक्शन जारी करने के निर्देश दिए हैं। जहां जो आवश्यकता है उसकी पूर्ति विद्युत निगम करेगा जबकि खर्च वहन संबंधित बिल्डर को करना होगा।हर जिले में साइबर पुलिस थाना बनेगा हरियाणा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रत्येक जिले में एक-एक साइबर पुलिस स्टेशन स्थापित करने की भी घोषणा की। साथ ही कैदियों को भी सजा माफी का तोहफा प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ने छह माह तक शेष सजा माफी की घोषणा की है, जिसके तहत 250 कैदियों को रिहा किया जा रहा है। यह लाभ गंभीर अपराधियों को नहीं मिलेगा। प्रदेश में जल जीवन मिशन शुरू होगा मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन की शुरुआत की है। प्रदेश के 600 गांव में 25 दिसंबर तक इसे पूरा करेंगे। साथ ही परिवार पहचान पत्र से कई सरकारी सेवाएं जोड़ी जाएंगी।