22 अप्रैल – फरीदाबाद | भारत में कोरोना संक्रमण की बेकाबू रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है और नए मामलों में रोजाना तेजी से बढ़ोतरी हो रही है| देशभर में कोविड-19 के नए मामलों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3.14 लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं, जो महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक दुनियाभर के किसी भी देश में सर्वाधिक संख्या है|
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 24 घंटे में भारत में 3 लाख 14 हजार 835 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए है, जबकि इस दौरान 2104 लोगों की जान गई| इसके बाद भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 1 करोड़ 59 लाख 30 हजार 965 हो गई है, जबकि 1 लाख 84 हजार 657 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं| इसके साथ ही देश में कोविड-19 के एक्टिव मरीजों की संख्या भी बढ़कर 22 लाख 91 हजार 428 हो गई है|
भारत में कोरोना वायरस के नए मामलों ने पहली बार 3 लाख के आंकड़े को पार करते हुए अमेरिका के दैनिक मामलों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया| इससे पहले 8 जनवरी को अमेरिका में सबसे ज्यादा 3 लाख 7 हजार 581 नए मामले दर्ज किए गए थे| भारत में अमेरिका से ज्यादा तेजी से नए मामलों की संख्या बढ़ी है और 1 लाख दैनिक मामलों से 3 लाख तक पहुंचने में सिर्फ 17 दिन का समय लगा है| इस दौरान दैनिक मामलों में रोजाना 6.76 प्रतिशत की वृद्धि हुई है| अमेरिका में 1 लाख से 3 लाख दैनिक मामले आने में 67 दिनों का समय लगा था और इस दौरान मामलों में रोजाना वृद्धि दर 1.58 प्रतिशत थी|
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के मुताबिक, 21 अप्रैल तक 27,27,05,103 नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें से 16,51,711 नमूनों की जांच 21 अप्रैल को की गई| भारत में कोविड-19 के मामले पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख की संख्या पार कर गए थे| इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे| वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ से अधिक हो गए थे| इसके बाद 19 अप्रैल को संक्रमितों की संख्या 1.50 करोड़ से ज्यादा हो गई|