15 अप्रैल – फरीदाबाद | देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर अब काफी तेजी से फैल रही है| कोरोना वायरस ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं| एक दिन में मिलने वाले संक्रमण के मरीजों का आंकड़ा गुरुवार को दो लाख के पार पहुंच गया है| स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 2,00,739 नए कोरोना मरीज मिले, इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,40,74,564 पहुंच गए हैं| वहीं बीते 24 घंटों में 1,038 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया, इसी के साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 1,73,123 हो गई| पिछले छह महीने में एक दिन में जान गंवाने वालों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है| इससे पहले, पिछले साल 17 अक्टूबर को सबसे ज्यादा 1,032 लोगों की मौत हुई थी|
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में सक्रिय मामलों का ग्राफ बहुत तेजी से ऊपर पहुंच रहा है| पिछले 24 घंटों में 93,528 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं, इसी के साथ देश में अब तक 1,24,29,564 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या करीब आधे से भी कम है|
देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है| कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण चल रहा है, जिसके तहत 45 साल से ऊपर वालों को भी कोविड वैक्सीन लगाई जा रही है| वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए 11 अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच टीका उत्सव अभियान चलाया था| देश में अब तक 11,44,93,238 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है|